Tuesday, March 9, 2010

मुझे दीजिए भारत रत्न (व्यंग्य)

इधर लोगों के पास बड़ा फालतू वक्त आ गया है। तरह तरह की मांगें करने लगे हैं। अब सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न देने की मांग को लीजिए। जिसे देखो, वो सचिन के लिए भारत रत्न मांग रहा है। संसद में सरकार और विपक्ष पेट्रोल-डीजल की कीमत को लेकर एकमत नहीं हैं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक दूसरे को पटकने में लगे हैं। हाथी की पूंछ सी लंबी हो चुकी महंगाई विपक्ष को दिख रही है तो सरकार को नहीं। लेकिन, सचिन को भारत रत्न की मांग पर सब सहमत हैं। वाह रे सचिन ! बापू जीवित होते तो बड़े खुश होते कि कोई तो है, जिसे लेकर पक्ष-विपक्ष में कोई मतभेद नहीं। और शायद इसी एक खूबी पर सचिन को भारत रत्न दिलवा देते।

लेकिन, बापू नहीं है। और इसके अलावा सचिन में कोई खूबी नहीं है कि उन्हें देश का यह सर्वोच्च सम्मान दिया जाए। भाई, सचिन ने किया ही क्या है? वो हमेशा कहता है कि खेलने में मज़ा आता है। अब फ्री में मज़ा लूटते-लूटते भारत रत्न कोई लूट ले जाए-ये देश के लिए अच्छा नहीं। अरे, जब आपने कोई काम ही नहीं किया, सिर्फ मज़े लिए और वो भी खूब नोट पीटकर तो काहे का सम्मान। और सचिन तो ‘मैन ऑफ द मैच’ भी खूब लूटते रहे। अपने आधे मैचों में भाई साहब अवॉर्ड लूट ले गए। क्या बाकियों ने मैदान में पसीना नहीं बहाया ! बाकी खिलाड़ी मुंह ताकें और सचिन मलाई चाटें? हद होती है कि इस अंधेरगर्दी की !

बचपन में बड़े भाई ने रमाकांत आचरेकर जैसे कोच के यहां भर्ती करा दिया। उस्ताद टॉप क्लास हो तो चेला तो कमाल करेगा ही ! और खिलाड़ी चौके-छक्के मारे, वनडे में 200 मारे, रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाए तो इसमें कमाल कैसा? उसका काम है ये। फिर, मदर टेरेसा, अब्दुल कलाम, लता मंगेशकर और तमाम दूसरी हस्तियां चप्पल घिस-घिसकर थक लीं तब सरकार को दया आई। बुढ़ापे में मिलता है भारत रत्न।

मेरी सरकार से अपील है कि इस तरह की उलजुलूल मांगों पर ध्यान न दिया जाए। और अगर नियम में ढिलाई की गुंजाइश हो तो मेरे नाम पर ध्यान दिया जाए। आखिर, इस महंगाई में जब दाल-चावल-आलू-टमाटर के दाम सचिन के टोटल रनों से ज्यादा हो गए हैं,तब भी मैं स्ट्रोक पर स्ट्रोक खेलकर परिवार का पेट पाल रहा हूं। गढ़्डों के बीच से निकलती सड़क पर मैं रोज बाइक से स्वीप-कट-पुल लगाता हूं। पानी-बिजली की समस्याओं के बाउंसर के बीच नॉटआउट टिका हूं। लंबी फेहरिस्त है मेरी महानता की। खैर, चलूं देखूं कोई है क्या मुझे भारत रत्न दिलाने वाला....

2 comments:

  1. ultimate one..very true..

    ReplyDelete
  2. बढ़िया आर्टिकल..............."
    amitraghat.blogspot.com

    ReplyDelete